श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन पर एक पत्रकार को गाली देने और धमकी देने का आरोप है।
धनपुरी थाने में पत्रकार कैलाश की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (ए) और 351 (1) के तहत यह कार्रवाई शनिवार को की गई।
पत्रकार ने कहा- समाचार चलाने दी धमकी
पत्रकार कैलाश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 24 अक्टूबर को नगर पालिका धनपुरी में गड़बड़ी से संबंधित एक समाचार प्रकाशित किया था। इस खबर के प्रकाशन के बाद 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे छाबड़ा ने उन्हें फोन कर गाली दी और धमकाया।
इंद्रजीत सिंह छाबड़ा धनपुरी नगर पालिका अध्यक्ष के पति हैं। उन्हें हाल ही में जिला विकास समिति का सदस्य भी बनाया गया था।
मामला कर्मचारियों की ड्रेस खरीद से जुड़ा
नगर पालिका धनपुरी में गड़बड़ी का ताजा मामला कर्मचारियों की ड्रेस खरीद से जुड़ा है। हाल ही में कर्मचारियों को ड्रेस वितरित की गई थी, लेकिन इसकी खरीद के लिए कोई निविदा जारी नहीं की गई थी। जब यह मामला समाचार पत्रों के माध्यम से सामने आया, तब टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई, हालांकि बाद में इसे पोर्टल से हटा दिए जाने की जानकारी मिली।
नगर पालिका धनपुरी में पहले भी कई गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं। नगर के विभिन्न वार्डों में कम चौड़ाई की सीसी रोड सड़कों के स्थान पर पेवर ब्लॉक की सड़कें बनाई जा रही हैं। आरोप है कि इन पेवर ब्लॉक के बिलों में बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत दर्ज की गई है।
उप निरीक्षक नागेंद्र सिंह ने बताया कि पत्रकार कैलाश लालवानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि इस मामले में मैंने भी पुलिस को सूचना दी है।







