श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोलः उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्रतानुसार लैपटाप एवं मोटराइज्ड ट्रायसिकल प्रदान किए जाने का प्रविधान है। इसके लिए शासकीय संस्थानों में अध्ययनरत ऐसे दिव्यांग, छात्र-छात्राओं, जिन्हें पूर्व में शासन की किसी भी योजनांतर्गत लैपटाप या मोटराइज्ड ट्रायसिकल प्रदान नहीं की गई है उन का स्पर्श पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन 30 अक्टूबर तक दर्ज किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों के
आधार पर चयनित छात्र छात्राओं को 3 दिसंबर 2025 को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर लैपटाप एवं मोटराइज्ड ट्रायसिकल का वितरण किया जाएगा।
दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप की पात्रता 9वीं कक्षा में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त होने पर 10वीं कक्षा में प्रथम बार प्रवेश लेने या द्वितीय बार आईटीआई में प्रवेश लेने पर होगी। श्रवणबाधित विद्यार्थियों को भी 9वीं में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 10वीं या आईटीआई में प्रथम बार प्रवेश लेने पर पात्रता मिलेगी। आस्थिबाधित विद्यार्थियों के लिए 9वीं कक्षा में 60 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं तथा 10वीं
या आईटीआई में प्रथम बार प्रवेश लेने पर वे योजना के लिए पात्र होंगे। अस्थिबाधित विद्यार्थी जिनके शरीर का निचला भाग प्रभावित होने से वे चलने में अक्षम हैं और जिनकी न्यूनतम दिव्यांगता 60 प्रतिशत है, उन्हें मोटराइज्ड ट्रायसिकल प्राप्त करने की पात्रता होगी। बशर्ते उन्होंने 9वीं में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों और 10वीं, स्नातक या पालीटेक्निक में प्रवेश लिया हो। वहीं मंदबुद्धि दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 9वीं में 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं तथा 10वीं या आईटीआई में प्रथम बार प्रवेश लेने पर उन्हें लैपटाप प्रदान किया जाएगा।’







