श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के साखी बैरियल के पास गुरुवार तड़के करीब 4 बजे एक सड़क दुर्घटना हुई। यह हादसा एक बाइक के सड़क पर बैठे मवेशी से टकराने के कारण हुआ।
दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे। बाइक की तेज रफ्तार के कारण वे सड़क पर बैठे मवेशी को देख नहीं पाए और टक्कर हो गई।
दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो घायलों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मवेशियों को हांकने वाली टीम सड़क से पशुओं को नहीं हटाती, जिससे ऐसी दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।







