श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में जंगली हाथियों के बाद अब बाघ ने दस्तक दी है। केशवाही वन परिक्षेत्र के कोपरा कोटा जंगल में बाघ ने एक गाय का शिकार किया है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल 1일
मंगलवार को रुपौला के पास स्थित कोपरा कोटा के निवासी परमेश्वर सिंह अपने मवेशियों को चराने जंगल गए थे। शाम को जब वे मवेशियों को घर की ओर लेकर आए तो एक गाय कम थी। परमेश्वर ने घर पहुंचकर इसकी जानकारी दी। गांव के लोग इकट्ठा होकर मवेशी की तलाश में निकले।
बुधवार को तलाश के दौरान कोपरा कोटा जंगल में गाय मृत अवस्था में मिला। गाय के शरीर पर बाघ के हमले के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। परमेश्वर सिंह ने बताया कि गाय के पास गीली मिट्टी में बाघ के कई पंजों के निशान भी मिले। ग्रामीणों ने इन निशानों की फोटो लेकर वन विभाग को सूचना दी।
ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील
केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि यह बाघ पिछले एक साल से इस क्षेत्र में रह रहा है। बाघ ने इस इलाके को अपना कॉरिडोर बना लिया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार वे स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं और आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।







