श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज के छह से अधिक MBBS छात्रों पर रेस्टोरेंट संचालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप है। छात्रों ने सीसीटीवी कैमरे देखकर संचालक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने BNS की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। घटना ने कॉलेज की छवि को कलंकित किया है।
शासकीय बिरसा मुंडा चिकित्सा महाविद्द्यालय के गुंडागर्दी करने वाले छह से अधिक MBBS की पढ़ाई करने वाले छात्रों के खिलाफ सोहागपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों में दीपक जाट, भगवान सिंह, अजय नाकुल, समेत आधा दर्जन अन्य छात्र शामिल हैं। उनके विरुद्ध बीएन एस की धारा 296, 351 (3), 115 (2), 189(2) तथा 191(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी छात्रों द्वारा गुंडागर्दी करते हुए मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और संचालक के साथ मारपीट की गई थी। जिसका वीडियो भी शोसल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि किस तरह दर्जनभर से अधिक आरोपी छात्र एक साथ रेस्टोरेंट के अंदर धावा बोलकर तोड़फोड़, गाली-गलौज और रेस्टोरेंट संचालक के साथ मारपीट कर रहे हैं। उनकी इस हरकत से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह शहडोल मेडिकल कालेज में पढ़ाई करने नहीं बल्कि गुंडागर्दी करने आए हैं।
घटना के बाद गंभीर हालत में रेस्टोरेंट संचालक को पहले मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, लेकिन परिजनों ने यहां उनकी जान को ख़तरा बताया और उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराया। यहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार कराया जा रहा है।
आरोपियों के चरित्र को लेकर उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद आरोपियों के चरित्र को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या ऐसे गुंडागर्दी करने वाले युवा डॉक्टर बनने के लायक हैं। जब पढ़ाई के दौरान उनका ऐसा गुंडागर्दी करने वाला चरित्र है तो फिर भविष्य में वह कैसे किसी मरीज की सेवा कर सकते हैं। उनकी इस प्रकार की गुंडागर्दी से शहडोल मेडिकल कालेज का नाम प्रदेश में कलंकित हो गया है। प्रबंधन को चाहिए कि छात्र के भेष में शहडोल मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले इन गुंडों मवालियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए, ताकि भविष्य में फिर ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि छात्रों पर गाली गलौज कर रेस्टोरेंट में घुसकर मारपीट एवं बलवा करने की धारा में मामला दर्ज किया गया है।







