सीमा सिंह शहडोल -: Raja Raghuvanshi murder Case: राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय की शिलांग पुलिस जांच कर रही है। इसके लिए एसआईटी का गठन भी किया गया है। सभी आरोपियों को शिलांग लाकर पूछताछ की जा रही है। केस में नए खुलासे भी हो सकते हैं।
इंदौर/शिलांग (Raja Raghuvanshi murder Case)। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के चारों आरोपियों ने जुर्म कबूल लिया है।
इंदौर क्राइम ब्रांच के एसीपी पूनम चंद यादव के मुताबिक, आरोपियों ने न केवल हत्या की बात कबूल की, बल्कि यह भी खुलासा किया कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी घटनास्थल पर मौजूद थी और उसने अपने पति को मरते हुए देखा।
एसीपी ने आगे बताया कि पहला वार विशाल उर्फ विक्की ठाकुर ने किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि कैसे उन्होंने ने राजा रघुवंशी पर हमला किया और बाद में उनके शव को गहरी खाई में फेंक दिया।
बता दें, शिलांग पुलिस ने इंदौर पुलिस की मदद से सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाह सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब सभी को शिलांग लाया गया है, जहां एसआईटी पूछताछ करेगी। सीन रिक्रिएट भी किया जाएगा।

दिनभर सोती रही सोनम, प्रेगनेंसी रिपोर्ट निगेटिव
सोनम बीते रविवार की रात करीब एक बजे से लेकर सोमवार रात 11:30 बजे तक गाजीपुर में रही। इस दौरान उसे वन स्टाप सेंटर में रखा गया था। वन स्टाप सेंटर में मेघालय पुलिस के अधिकारी सोनम को लेकर एक अलग कमरे में गए। सोनम वहां जाते ही सो गई। वह कुछ खा-पी नहीं रही थी।
दोपहर में उसने हल्का नाश्ता किया और फिर सो गई। वह लगभग पूरा दिन सोती रही। इससे पहले राजकीय मेडिकल कालेज के जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों डॉ. रवींद्र, डा. श्रुति मिश्रा और डा. ब्यूटी गुप्ता ने उसका मेडिकल किया। सोनम की प्रेगनेंसी जांच भी हुई, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई।









