शहडोल (सीमा सिंह) MP Laptop Scheme 2025: मध्य प्रदेश सरकार ने 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप योजना शुरू की है। इस योजना के तहत, लगभग 94 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। विद्यार्थियों को अपने बैंक खाते की जानकारी शिक्षा पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश में 94 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की 12वीं की परीक्षा का परिणाम पिछले साल से बेहतर है। इस कारण 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब चार हजार बढ़ गई है। पिछले साल 90 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि दी गई थी।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से माशिम से विद्यार्थियों की संख्या मांगी गई थी। मंडल ने 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की संख्या और नाम की सूची भेज दिया है। उधर, लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को आदेश जारी कर पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते को अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
एक हफ्ते में पोर्टल में दर्ज करना होगी जानकारी
इसमें पात्र विद्यार्थियों के नाम से संचालित बचत बैंक खाता क्रमांक, आईएफसी कोड और बैंक शाखा का नाम एक सप्ताह के अंदर शिक्षा पोर्टल पर दर्ज करवाना है। प्रदेश में मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल से 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि दी जाती है। इस बार माशिम की 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 94 हजार के आसपास है।
जुलाई में लैपटाप की राशि मिलने की संभावना
पिछले सत्र के मेधावी विद्यार्थियों को इस साल फरवरी में लैपटॉप की राशि दी गई थी। इस बार सरकार का प्रयास है कि जुलाई तक विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि प्रदान कर दी जाए।







