श्रेया न्यूज़ रिपोर्टर सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में सड़क हादसे में दुल्हन के भाई और भांजे की मौत हो गई। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कनाडी गांव के पास यह घटना बीती रात करीब 3 बजे हुई।
दुल्हन के भाई रंगेलाल बैगा (28) और भांजे शशिकांत बैगा (19) शादी की तैयारियों के लिए मोटरसाइकिल से टेटका जा रहे थे। वे पानी के पाउच लेने निकले थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही दोनों की मौके पर मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा शादी के पंडाल से कुछ ही दूरी पर हुआ। तेज आवाज सुनकर जब वे मौके पर पहुंचे तो दोनों अचेत अवस्था में थे।
थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी के अनुसार मौके से डीजे के कुछ बॉक्स बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि हादसा करने वाला वाहन डीजे सिस्टम ले जा रहा पिकअप हो सकता है। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।
शादी समारोह में मौजूद लोगों ने बताया कि दुल्हन की विदाई शांतिपूर्वक कर दी गई है। इस घटना ने सभी को गहरा सदमा पहुंचाया है।







