श्रेया न्यूज़ रिपोर्टर सीमा सिंह शहडोल -: पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इशाक डार ने शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में कहा कि अगर भारत अपनी कार्रवाई को रोक लेता है, तो पाकिस्तान भी ऐसा ही करेगा। वहीं, भारत से बढ़ते तनाव के बीच PM शहबाज शरीफ ने देश की जनता को संबोधित करने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे आज शाम टीवी पर देश को संबोधित करेंगे।
पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह दावा किया कि भारत ने शोरकोट में रफीकी एयरबेस, चकवाल में मुरीद एयरबेस और रावलपिंडी में चकलाला कैंट पर बड़ा हमला किया है। इसके जवाब में उन्होंने भारत के 10 ठिकानों पर हमला करने का दावा किया। इसमें पंजाब में ब्रह्मोस मिसाइल स्टोरेज फैसेलिटी, उरी सप्लाई डिपो, राजस्थान का सूरतगढ़ एयरफील्ड, आदमपुर में S-400 सिस्टम, देहरंग्यारी में आर्टिलरी पोजिशन और पठानकोट एयरफील्ड शामिल हैं।

पाकिस्तान से जुड़े आज के बड़े अपडेट्स
- पाकिस्तान का भारत के 10 जगहों पर बड़े हमले करने का दावा
- डिप्टी PM बोले- भारत को जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं था
- पाकिस्तान ने भारत पर 3 एयरबेस पर हमला करने का आरोप लगाया
- पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन ने कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगाई
- पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ऑपरेशन बुनयान-उल-मरसूस शुरू किया।
भारत-पाकिस्तान के बीच टकराव के बारे में विस्तार से जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान में 39 जगहों पर हमले किए हैं। इसके अलावा अभी और जगहों पर हमले जारी हैं। BLA के प्रवक्ता बाली जियंद बलोच ने प्रेस रिलीज जारी कर यह दावा किया है।
BLA के मुताबिक उसने कई पुलिस थानों को कब्जे में लिया है। कई हाई-वे पर नाकेबंदी की है और मुखबिरों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और काफिलों पर हमले भी किए हैं।
POK में कल रात से भारतीय गोलाबारी में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं। पाकिस्तान में PoK की सरकार में प्रवक्ता मजहर हुसैन शाह ने अल जजीरा को यह जानकारी दी।
शाह ने कहा कि मृतकों में 10 साल से कम उम्र का एक बच्चा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि 50 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं
पाकिस्तान की वेबसाइट डॉन के मुताबिक सुरक्षा हालात को देखते हुए क्रिकेट बोर्ड ने सभी घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट को सस्पेंड करने का फैसला किया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मुताबिक, प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड, रीजनल इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट चैलेंज कप, और इंटर-डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि, हालात बेहतर होने पर ये टूर्नामेंट वहीं से दोबारा शुरू किए जाएंगे, जहां से रोके गए हैं।
जियो टीवी के मुताबिक पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने घोषणा की है कि पाकिस्तान का एयरस्पेस कल यानी 11 मई, दोपहर 12 बजे तक सभी प्रकार की उड़ानों के लिए बंद रहेगा।
भारत से संघर्ष के बीच पाकिस्तान ने आज सुबह 3.15 बजे से सभी तरह की उड़ानों के लिए अपना एयर स्पेस बंद कर दिया था।
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया है कि भारत के हमले में पाकिस्तान को कुछ नुकसान नहीं पहुंचा है। जियो टीवी के मुताबिक उन्होंने कहा कि रावलपिंडी में नूर खान बेस पर एक कार को छोड़कर पाकिस्तान के किसी हवाई ठिकाने को नुकसान नहीं हुआ है।
पाकिस्तानी वेबसाइट डॉन के मुताबिक PM शहबाज शरीफ ने शनिवार को प्रमुख राजनीतिक नेताओं के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी।
भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच PM शहबाज ने भारत के खिलाफ सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होने को कहा।
पाकिस्तान के उप-विदेश मंत्री इशाक डार ने आज कहा कि जंग में परमाणु हथियार के इस्तेमाल की संभावना बहुत कम है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि कहा कि परमाणु हमले का विकल्प मौजूद है, लेकिन इस बारे में हमें बात नहीं करनी चाहिए। शायद ही तनाव वहां तक पहुंचे कि इसके इस्तेमाल की नौबत आएगी।
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि पाकिस्तान सरकार परमाणु हमले का निर्देश देने वाली नेशनल कमांड अथॉरिटी (NCA) की बैठक की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि न ही इसकी बैठक हुई है, न ही आगे करने की योजना है। इससे पहले शनिवार सुबह खबर आई थी कि पीएम ने NCA की बैठक बुलाई है।
पाकिस्तान के अखबार द न्यूज इंटरनेशनल के मुताबिक PM शहबाज शरीफ ने भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच देश को देश की जनता को संबोधित करने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे आज शाम टीवी पर देश को संबोधित करेंगे।







