सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के ब्यौहारी में मंगलवार को एक दंपती के साथ हुई लूट का मामला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 18,500 रुपए का माल बरामद किया है।
घटना मंगलवार सुबह 11 बजे की है। सत्यम प्रजापति अपनी पत्नी सावित्री के साथ बाइक से गोदावल मंदिर दर्शन करने गए थे। वापसी में सुनसान जगह पर चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने दंपती से मारपीट कर पैसे और मोबाइल फोन छीन लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने सावित्री की फोटो भी खींच ली और जान से मारने की धमकी दी।
मौके पर मौजूद सत्यम के फुफेरे भाई शिवम प्रजापति ने आरोपियों की बाइक का नंबर नोट कर लिया। इस नंबर की मदद से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने में सफलता पाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने दो टीमें बनाईं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ब्यौहारी वार्ड नंबर 7 से भारत चौधरी, सागर चौधरी, अमन कुमार साकेत और भरतलाल साकेत को गिरफ्तार किया। चारों ने लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों से वीवो मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम, ब्लूटूथ और 3500 रुपए नकद बरामद किए गए।







