सीमा सिंह शहडोल -: सीहोर के इछावर में एक पुलिस टीम पर हमला हुआ है, जिसमें एक एसआई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हमला तब हुआ जब पुलिस एक विवाद की सूचना पर पहुंची थी। आरोपितों ने पुलिस पर लाठी डंडों से हमला किया और एक घर में भी तोड़फोड़ की।
- विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हुआ हमला।
- आरोपितों ने पुलिस पर लाठी डंडों से हमला किया।
- पुलिस आरक्षकों ने भागकर बचाई अपनी जान।
इछावर थाने के एक गांव में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला हुआ है। इसमें एक एसआई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं उनके साथ गए आरक्षकों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। आरोपितों ने एक घर में भी जमकर तोड़फोड़ की है।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार इछावर थाने के खेरी गांव निवासी कमलेश ने पिछले दिनों थाना बिलकिसगंज के गेरूखान गांव की एक युवती से कोर्ट मैरिज कर लिया। वह उसे अपने गांव खेरी ले आया था।
युवक और उसका परिवार घर छोड़कर भागा
इसकी जानकारी मिलने पर युवती के स्वजन शनिवार की रात 11 बजे के आसपास खेरी पहुंच गए। उनके आने की भनक लगते ही युवक और उसका परिवार घर छोड़कर भाग गया। युवती के स्वजन ने घर को सूना देखकर उसमें तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने इस हंगामे की सूचना पुलिस को दी।

इस पर एसआई रामनारायण धुर्वे दो आरक्षकों के साथ वहां पर पहुंचे। वे मामला शांत कराते इससे पहले वहां हंगामा कर रहे हेमराज, विशाल, गजराज, राहुल और भूरा ने पुलिस टीम पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
एसआई को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया

अचानक हमले की चपेट में एसआई रामनारायण धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पिटता देखकर उनके साथ गए दोनों आरक्षक वहां से भाग गए। बाद में पहुंची पुलिस टीम ने घायल एसआई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
पांच के खिलाफ केस दर्ज
युवती के कोर्ट मैरिज से आक्रोशित उसके स्वजन युवक के घर आकर घर में तोड़फोड़ कर रहे थे। इसकी सूचना प्राप्त होने पर एसआई और जवान मौके पर पहुंचे थे। हमला करने पर पुलिस ने पांच व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। – ब्रजेश कुमार, थाना प्रभारी इछावर







