सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में शनिवार को जयस्तंभ चौक पर पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के ‘भीख’ वाले बयान के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। साथ ही मंत्री पटेल का पुतला भी जलायाI
गौरतलब है कि मंत्री पटेल ने हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था कि जहां भी वे जाते हैं, लोग ज्ञापन के नाम पर सौगातों की भीख मांगने के लिए कटोरा आगे कर देते हैं। इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर डॉ. केदार सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई है कि मंत्री पटेल को जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए निर्देशित किया जाए। साथ ही उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी की गई है।
जिला कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने बताया कि मंत्री पटेल ने अपने बयान पर कोई अफसोस नहीं जताया है। उल्टे वह कह रहे हैं कि उनका कथन सही है।







