शहडोल जिले के स्टेडियम रोड पर एक डीजे ड्राइवर के साथ पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मी और एक युवती ने मारपीट की। पीड़ित सूरज ताम्रकार ने शनिवार को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना शुक्रवार शाम 6:30 बजे की है। सूरज अपना डीजे वाहन लेकर धुरवार जा रहा था। स्टेडियम के सामने उसके वाहन का डीजल खत्म हो गया। वह सड़क किनारे गाड़ी खड़ा कर डीजल भरने लगा। इसी दौरान बाइक नंबर MP21MA1344 से एक पुलिसकर्मी और युवती वहां पहुंचे।
पुलिसकर्मी सुशील पटेल और उसके साथ मौजूद युवती ने सूरज से 1 हजार रुपए की मांग की। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज की और मारपीट की। इस दौरान सूरज को चोट भी आई।
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी ने बताया कि पीड़ित ने घटना का वीडियो भी बनाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







