सीमा सिंह शहडोल -: कोतवाली थाना क्षेत्र के कोयलारी वार्ड नंबर-13 में चोरों ने एक घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा लिए। जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। CCTV फुटेज में वारदात को अंजाम देते 5 बदमाश कैद हुए हैं। घटना गुरुवार रात की है। शिकायत के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
घटना के वक्त पीड़ित अपने दूसरे घर पर गया था
दरअसल, पीड़ित अनिल वर्मा निवासी कोलयारी कल (6 फरवरी) शाम को घर में ताला लगाकर अपनी बीमार पत्नी के साथ कंचनपुर स्थित अपने दूसरे घर पर गए थे। आज सुबह जब वे घर वापस आए, तब उन्होंने घर का दरवाजा खुला मिला। घर में घुसने पर देखा कि अंदर अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे, जिनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में पांच बदमाश कैद दिखे।
इधर, कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। हालांकि, अभी तक पीड़ित की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। FIR दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी।







