सीमा सिंह शहडोल -: खैरहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को छपरी घाट सरफा नदी से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना पर थाना प्रभारी दिलीप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा। भागते समय उसने हाइड्रोलिक उठाकर रेत को रास्ते में ही गिरा दिया। जंगल के रास्ते भागते समय ट्रैक्टर बेकाबू होकर गड्ढे में पलट गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस की जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर चालक मुकेश कोल और वाहन मालिक विपिन द्विवेदी बोडरी गांव के निवासी हैं। दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ खनिज अधिनियम और शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







