SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » अनूपपुर में बिना फाटक की रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से टकराई पिकअप, एक का सिर धड़ से अलग, 6 घायल

अनूपपुर में बिना फाटक की रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से टकराई पिकअप, एक का सिर धड़ से अलग, 6 घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  अनूपपुर। चचाई थाना क्षेत्र के SECL संजय नगर श्रमिक कॉलोनी में गुरुवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसे में लोको ट्रेन की टक्कर से पिकअप सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा संजय नगर डबल स्टोरी के समीप साप्ताहिक बाजार के बगल से गुजरने वाली अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई की रेल लाइन पर हुआ। बताया गया कि रेल क्रॉसिंग पर फाटक नहीं था। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है

जानकारी के अनुसार, अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई से निकली लोको ट्रेन कोयला लेने के लिए बंगवार–संगमा साइडिंग की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेल लाइन पार कर रही पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। पिकअप में सवार सभी सात लोग डीजे का सामान संजय नगर में छोड़कर वापस अपने गांव जा रहे थे। तभी यह हादसा हो गया।
टक्कर से युवक का सिर धड़ से हुआ अलग

दुर्घटना में चकेठी निवासी रवि पिता स्वर्गीय लाल बर्मन (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। पिकअप में फंसे शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।

हादसे में अर्जुन पिता बाबूलाल कोल (17), विकास पिता ओमप्रकाश सिंह (22), शिवम पिता रामकुमार बैगा (18), कन्हैया पिता रामखेलावन बर्मन (25), करन पिता काशीराम कोल (19) और राजेश पिता सरजू सिंह (26), सभी निवासी चकेठी, घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर अंधेरा था और लोको ट्रेन की ओर से हॉर्न भी नहीं बजाया गया।

फाटक नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हादसे के बाद रेल लाइन पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, अमरकंटक ताप विद्युत गृह से कोयला परिवहन के लिए संचालित लोको ट्रेन का संचालन निजी कंपनी करती है। सुरक्षा की दृष्टि से कंपनी को विभिन्न स्थानों पर फाटक लगाने की स्वीकृति दी गई है। आरोप है कि इसके बावजूद कई स्थानों पर फाटक नहीं लगाए गए।

जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां रेल लाइन के दोनों ओर कोयला कर्मचारियों के आवास हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और रेल लाइन पार करने के लिए लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में फाटक और अन्य सुरक्षा इंतजामों का अभाव स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है।

चालक फरार, परिजनों ने की मुआवजा और नौकरी की मांग

दुर्घटना के बाद लोको ट्रेन का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात SDM प्राशी अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। परिजन मुआवजा राशि देने और मृतक के एक भाई को पावर हाउस में नौकरी दिलाने की मांग कर रहे हैं। मांगों को लेकर परिजनों के अड़े रहने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

लोको ट्रेन के संचालन और चालक उपलब्ध कराने वाली ठेका व्यवस्था को लेकर भी आरोप सामने आए हैं। बताया गया कि लोको पायलट उपलब्ध कराने वाली ठेका कंपनी MK ट्रेडर्स के संचालक पिछले करीब एक वर्ष से लकवाग्रस्त हैं। आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति में व्यवस्था संभालने वाले लोग मजदूरों का शोषण कर रहे हैं। इसके अलावा, कुछ लोको पायलटों की उम्र 60 वर्ष से अधिक होने तथा उनकी सुनने और देखने की क्षमता कमजोर होने के आरोप भी लगाए गए हैं।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us