श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 10वीं और 12वीं के 1013 मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का सम्मान हुआ।
जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के त्याग व सहयोग का परिणाम है। मेधावियों का सम्मान उनकी उपलब्धियों की सराहना के साथ उनके उज्वल भविष्य में समाज के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षित, संस्कारित और आत्मविश्वासी युवा पीढ़ी की अहम भूमिका है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनमें आगे बढ़ने का विश्वास जगाना और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में अभिभावकों के योगदान को भी सम्मान दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और प्रोत्साहन से ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण संभव है, जो परिवार, समाज, क्षेत्र और देश का गौरव बढ़ाए। सम्मानित विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुभकामनाएं दी गईं।










