श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में चरखारी के पास रविवार देर शाम बस की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली में सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों में 13 साल का एक बालक भी शामिल है। छह लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें रीवा मेडिकल कालेज और शहडोल मेडिकल कालेज रेफर किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से हायर सेंटर भेजा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर ट्रैक्टर से साखी जा रहे थे। प्रतिमा गांव के पंडाल में स्थापित की जानी थी। चरखारी के पास ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था, तभी सीधी से ब्यौहारी आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी। ट्राली में प्रतिमा के साथ बैठे कई ग्रामीण नीचे गिरकर घायल हो गए।
ट्रैक्टर में करीब 16 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं। कुछ लोगों के हाथ-पैर टूटे हैं, जबकि अन्य को गंभीर चोटें आई हैं। छह घायलों को उनकी हालत देखते हुए रीवा और शहडोल मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
एसडीओपी ऋषभ छारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बाद में अस्पताल में उपचार की जानकारी ली और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने ट्राली में रखी मां दुर्गा की प्रतिमा सुरक्षित गांव भिजवाई, ताकि उसे पंडाल में स्थापित किया जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










