श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सतना। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात वन विभाग में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वनभूमि पर अवैध रुप से जुताई कर उस पर कब्जा के प्रयास को विफल करने पहुंचे वनकर्मियों पर आरोपितों ने तलवार से हमला कर दिया।
घबराएं वनकर्मियों ने अपनी जान बचाते हुए नागौद थाना को हमले की सूचना भी दी, लेकिन मौके पर कोई सहायत नहीं पहुंची। अपराधी वनकर्मियों द्वारा मौके पर जब्त किया गया ट्रैक्टर और अन्य सामग्री छुड़ाकर ले गए।
अतिक्रमण करने के प्रयास की सूचना मिली थी
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक वनमंडल सतना अंतर्गत नागौद वनपरिक्षेत्र के परसमनिया पहाड़ में देर रात करीब दो बजे अवैध तरीके से वनभूमि पर जुताई कर उस पर अतिक्रमण करने के प्रयास की सूचना विभाग को मिली थी। इसके बाद चार से पांच वनकर्मी जानकारी की पुष्टि करने के लिए मौका स्थल पर पहुंचे।
जहां उन्होंने पाया कि ट्रैक्टर से जंगल की जमीन जोती जा रही थी और अतिक्रमण किया जा रहा था। उन्हें रोकते हुए वनकर्मी ट्रैक्टर व अन्य उपयोग की जा रही सामग्री को जब्त कर जसो थाना की ओर जाने लगे। लेकिन थाना पहुंचने से पूर्व ही हथियारबंद बदमाशों ने उनपर हमला कर दिया और ट्रैक्टर व अन्य जब्त सारी सामग्री छुड़ाकर ले गए।
पांच से छह की संख्या में लोगों ने किया हमला
वन विभाग के मुताबिक पांच से छह की संख्या में लोग हाथों में तलवार एवं अन्य हथियार लिए हुए एका-एक सामने आ पहुंचे और हमला कर दिया। इधर निहत्थे वनकर्मी अचानक हुए हमले से हतप्रभ होकर अपनी-अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। इस बीच हमला करने आए अपराधियों में से कुछ लोग ट्रैक्टर व जब्त सामग्री लेकर वहां से निकल गए।
पुलिस को सूचना पर भी एफआईआर में देरी
इधर हमले के बाद सहमें वनकर्मियों ने सुबह होते ही जसो थाना पहुंचकर पूरी आपबीती बताई। घटना का जिक्र करते हुए हमला कर ट्रैक्टर आदि छुड़ा ले जाने का शिकायती आवेदन दिया। लेकिन पुलिस शिकायत मिलने के बाद दोपहर बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज न कर केवल जांच करने का हवाला देती रही।
अधिकारियों ने क्या कहा?
प्रभारी वनपरिक्षेत्राधिकारी नागौद नितिश गंगेले ने कहा कि देर रात वनभूमि पर जुताई कर रहे ट्रैक्टर को जब्त कर जसो थाना लेकर जाते समय वनकर्मियों पर तलवार आदि हथियारों से लैस हमलवारों द्वारा हमला कर ट्रैक्टर आदि छुड़ा लिया गया है। थाना में सूचना दी गई है। वहीं थाना प्रभारी जसो संतोष सिंह धुव्रे का कहना है कि सुबह सूचना मिली है, घटना की जांच करा रहे है।+










