श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के जैतपुर स्थित बिरौड़ी एकलव्य आवासीय विद्यालय के करीब 200 विद्यार्थी प्राचार्य से जुड़ी शिकायतों को लेकर कलेक्टर से मिलने पैदल रवाना हुए। विद्यार्थी 15 किलोमीटर से अधिक चल चुके हैं। प्रशासन ने दो बसों और खान-पान की व्यवस्था कर समझाइश दी।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों को समझाया
विद्यार्थियों के पैदल निकलने की जानकारी मिलने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक रिसोर्स समन्वयक और शहडोल से जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रास्ते में विद्यार्थियों को रोककर उनसे बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा। इसके बावजूद विद्यार्थी सीधे कलेक्टर से मिलने की मांग पर कायम रहे।
दो बसों का इंतजाम, रास्ते में चाय-नाश्ते की व्यवस्था
लंबी दूरी और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासनिक अमले ने मौके पर दो बसों का इंतजाम किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद कुछ विद्यार्थी बसों में बैठ गए, जबकि कई छात्र पैदल ही आगे बढ़ते रहे। पैदल चल रहे विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे। बसें भी उनके पीछे चलती रहीं। रास्ते में विद्यार्थियों के लिए चाय, नाश्ता और बिस्किट की व्यवस्था की गई।
समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन
जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा ने बताया कि विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें समझाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी मुस्तैदी से उनके साथ मौजूद हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखने को कहा है और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया है। हालांकि, विद्यार्थी केवल जिलाधीश से मिलकर ही अपनी बात रखने पर अड़े हुए हैं।











