श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड बुढ़ार स्थित प्रधानमंत्री कालेज आफ एक्सीलेंस में मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ गणेशोत्सव को प्रकृति के अनुकूल मनाने के लिए आमजन को प्रेरित करना था। कार्यक्रम में माटीकार एवं प्रशिक्षक पिंटू वर्मन ने प्रतिभागियों को मिट्टी के चयन से लेकर भगवान गणेश की प्रतिमा को आकार देने और आकर्षक स्वरूप प्रदान करने तक की विभिन्न बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्रतिभागियों ने स्वयं मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाकर निर्माण की प्रक्रिया को समझा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राओं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं परामर्शदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे माटी के गणेश बनाकर घर-घर स्थापित करेंगे और गणेशोत्सव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक विवेक पांडेय, परामर्शदाता कैलाश पांडे, पूर्णिमा मुखर्जी, दीप्ति तिवारी, साक्षी पांडे, आनंद यादव, संतोष साहू एवं विकास कुशवाहा सहित सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।










