श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका दो वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में महिला का पति भी घायल हुआ है। परिवार मोटरसाइकिल से बच्चे का इलाज कराने ब्यौहारी अस्पताल जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
यह हादसा शहडोल-रीवा मार्ग पर तपोवन ढाबा के पास हुआ। मृतका की पहचान संध्या सिंह (25) पत्नी दिनेश सिंह, निवासी बहेरहा के रूप में हुई है। दिनेश सिंह अपनी पत्नी और बच्चे को लेकर इलाज के लिए जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और संध्या सड़क पर गिर गईं।
उनके साथ गोद में मौजूद बच्चा भी दूर जा गिरा। हादसे में संध्या को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला व बच्चे को अस्पताल पहुंचाने की तैयारी करने लगे, लेकिन महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो वर्षीय मासूम को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
महिला के पति दिनेश सिंह को भी चोट आई है, लेकिन उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। ब्यौहारी पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाला मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने संबंधित मोटरसाइकिल की पहचान कर ली है और फरार चालक की तलाश जारी है।










