SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » शहडोल में बस्ती के बीच पहुंचा हाथी: ग्रामीणों में मचा हड़कंप, भालू के हमले में चरवाहे की मौत के बाद अलर्ट

शहडोल में बस्ती के बीच पहुंचा हाथी: ग्रामीणों में मचा हड़कंप, भालू के हमले में चरवाहे की मौत के बाद अलर्ट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  जिले में वन्य प्राणियों की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पपौंध थाना क्षेत्र के जमुनी गांव में सोमवार सुबह हाथी के बस्ती के बीच पहुंचने से हड़कंप मच गया। वहीं, केशवाही वन परिक्षेत्र में भालू के हमले में चरवाहे की मौत के बाद वन विभाग ने संवेदनशील गांवों में मानव-वन्यजीव द्वंद्व से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।

जमुनी गांव में सोमवार सुबह अचानक हाथी के पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की समझाइश दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर ग्रामीण इलाके की ओर खदेड़ने का प्रयास किया गया। हाथी की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

इधर, केशवाही वन परिक्षेत्र में बीते दिनों भालू के हमले में चरवाहे की मौत के बाद वन विभाग ने वन्य प्राणियों से सुरक्षा को लेकर निगरानी और जागरूकता बढ़ा दी है। विभाग की ओर से पहले भी गांवों में मुनादी कर लोगों को जंगल और वन्य प्राणियों से दूरी बनाए रखने तथा सावधानी बरतने की समझाइश दी जाती रही है। अब संवेदनशील गांवों को चिन्हित कर विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

केशवाही वन परिक्षेत्र के रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि मानव-वन्यजीव द्वंद्व से बचाव के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कुछ विशेष गांवों को चिन्हित कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। अभियान के तहत खामीडोल, बरतर, बचरवार, गिरवा और कारवान गांव में ग्रामीणों को वन्य प्राणियों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम ग्रामीणों से अपील कर रही है कि वन्य प्राणियों की गतिविधि दिखाई देने पर मौके पर भीड़ न लगाएं। सुरक्षित स्थान पर रहें और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us