श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के जैतपुर क्षेत्र के कादाटोला गांव में लगातार बारिश के बीच कच्चा मकान ढहने से पति-पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए। मलबे में दबने से छह बकरियों-बकरों की मौत हो गई। एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर घायलों को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। प्रशासन ने नुकसान का जायजा लिया।
शहडोल जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जैतपुर क्षेत्र में एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में घर के अंदर मौजूद पति-पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए। मकान के अंदर बंधी छह बकरियां–बकरे भी मलबे में दब गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होने पर उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा।
घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात ग्राम पंचायत नगपुरा के कादाटोला गांव में हुई। यहां रामप्रसाद बैगा अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहे थे। रात में अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। मलबे में रामप्रसाद बैगा, उनकी पत्नी सोमवती बैगा और बेटे रोहित बैगा के दबे होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में उन्हें चोटें आई हैं। इसी दौरान मकान में बंधी तीन बकरियां और तीन बकरे भी मलबे में दबे मिले जिनकी मौत हो गई है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई थी। परिजनों के मुताबिक, काफी समय बीतने के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। संपर्क करने पर वाहन के व्यस्त होने की जानकारी दी गई। इसके बाद सरपंच और पंचायत सचिव की मदद से घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बारिश ने बढ़ाई परेशानी
लगातार बारिश के कारण जिले में कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। कलेक्टर भू-अभिलेख कार्यालय की 31 अगस्त की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में अब तक 38.07 इंच औसत बारिश दर्ज की गई है। सामान्य वार्षिक बारिश 47.70 इंच है। इस तरह सीजन की करीब 80 फीसदी बारिश हो चुकी है। सोमवार को जिले में औसतन 0.81 इंच बारिश हुई। जैतपुर में 1.97 इंच और ब्यौहारी में 0.83 इंच बारिश दर्ज की गई।
मौके पर पहुंचे पंचायत अधिकारी











