श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मुरैना में सेना के जवान ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वह छुट्टी लेकर 10 दिन पहले ही घर लौटा था। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है। वारदात की वजह पूछ रही है। मामला अंबाह थाना के खजूरी रोड इलाके में बुधवार देर रात का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनू सिकरवार ने पत्नी रानी के सिर में दो गोलियां दागीं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं।
एसडीओपी रवि भदौरिया ने कहा- सोनू 2016 में फौज में भर्ती हुआ था। फिलहाल, हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस पारिवारिक कलह और डिप्रेशन के एंगल पर भी जांच कर रही है।
परिजन ने थाने पर किया प्रदर्शन
गुरुवार सुबह रानी के मायकेवाले थाने पहुंचे। आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग करने को लेकर प्रदर्शन किया। रानी के पिता रमेश तोमर ने कहा- 2018 में बेटी की शादी की थी। उसकी 6 साल की बच्ची है।
सोनू ने बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे रानी को गोली मार दी। हमें आधी रात को पता चला तो थाने पहुंचे। पहले पुलिस केवल सोनू पर ही एफआईआर कर रही थी, अब उसके माता-पिता पर भी मामला दर्ज किया जा रहा है।












