श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- चंदियाः प्रतिभा मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता हासिल करने वाली चंदिया नगर की बेटी यशु तिवारी ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खनिज निरीक्षक के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। महज 24 वर्ष की आयु में इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे उमरिया जिले को गौरवान्वित किया है। गत दिवस पहली बार अपने गृह नगर चंदिया पहुंचने पर उनका नगर वासियों ने आत्मीय और भव्य स्वागत किया।
यशु तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी निष्ठा के साथ मेहनत की जाए तो कोई भी सफलता दूर नहीं है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से निरंतर अध्ययन आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पांच से छह घंटे की ! तन्मयता से की गई तैयारी से हर परीक्षा को पास किया जा सकता है और लक्ष्य की प्राप्ति हो सकती है।
यशु के पिता सतीश कांत तिवारी और माता रंजना तिवारी ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे चंदिया नगर की उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि यशु ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। परिवार का हमेशा यही प्रयास रहा कि बेटी को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग मिले।







