श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेम्हौरी-देवहरा मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेम्हौरी बस स्टैंड के पास हनुमान मंदिर के सामने कोयला परिवहन में लगी हाइवा क्रमांक सीजी 10 बीएल 9095 की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दामिनी कोल माइंस से संगमा कोल साइडिंग जा रही हाइवा ने मोटरसाइकिल एमपी 18 एमएल 5248 पर सवार राजेंद्र कोल (20) निवासी संगमा को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का शव हाइवा के नीचेफंस गया। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। उन्होंने महाप्रबंधक और उपक्षेत्रीय प्रबंधक को बुलाने की मांग की।
उनका आरोप था कि कोयला वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से लगातार हादसे हो रहे हैं। मांग पूरी न होने तक शव निकालने से इनकार कर दिया गया, जिससे करीब 7 घंटे तक आवागमन बाधित रहा। स्थिति संभालने एसडीओपी विकास पाण्डेय और तहसीलदार मनोज सिंह पहुंचे। एसडीओपी ने स्वजन के सामने घुटनों के बल बैठकर हाथ जोड़कर सहयोग की अपील की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।







