श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुरः स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। महज दो दिनों में 47 वाहनों के चालान कर कुल 1,32,600 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। सोमवार को 17 चालानों पर 66 हजार रुपये तथा मंगलवार तक 30 चालानों पर 66,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
09 नाबालिग भी स्कूल वाहन चलाते धरे गएः जांच के दौरान 09 नाबालिग वाहन चालक वाहन चलाते पाए गए। जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 05 कमर्शियल वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। इन मामलों में वाहनों को जब्त कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।
इसी तरह 13 मामलों में परमिट शर्तों का उल्लंघन, दो वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, एक चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा एक वाहन बिना बीमा संचालित होता पाया गया। इने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस की इस सघन कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने सभी स्कूल वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिना फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा उपकरण, वैध दस्तावेज के विपरीत संचालित होने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।







