श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल में करोड़ों रुपये की कथित निवेश ठगी के मामले में बुढ़ार पुलिस ने दो महीने बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है।
करोड़ों रुपये की कथित निवेश ठगी के मामले में आखिरकार बुढ़ार पुलिस ने दो महीने बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष विवेचना के लिए विशेष टीम गठित की है। यह मामला जीएनएस फाइनेंशियल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है, जिस पर निवेशकों को अधिक मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, गोपालपुर करकटी निवासी मगनयन सिंह ने 19 मई को बुढ़ार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें सामने आया कि कंपनी के संचालकों ने निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाकर रकम जमा कराई। आरोप है कि बाद में ग्राहकों की अनुमति के बिना उनके डीमैट खातों में ट्रेडिंग कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों की समीक्षा बैठक में इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन और तकनीकी विश्लेषण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, ताकि मामले की निष्पक्ष और प्रभावी विवेचना सुनिश्चित की जा सके।
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में संभागायुक्त के निर्देश के बाद जांच प्रक्रिया तेज हुई। वहीं, कई पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी के जिम्मेदार लोग लंबे समय से फरार हैं और कार्यालय भी बंद पड़ा है। ऐसे में निवेशकों को अपनी जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि विशेष जांच टीम आरोपियों तक कब पहुंचती है और पीड़ितों को न्याय दिलाने में कितनी तेजी दिखा पाती है।






