श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- देवास। के व्यस्त उज्जैन चौराहे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार मधुबाला बस ने एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके साथ मौजूद मासूम बच्ची भी घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। बच्ची का उपचार जारी है।
हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि उज्जैन चौराहे से इंदौर की ओर जाने वाली बसें अक्सर तेज गति से गुजरती हैं। चौराहे पर लगातार भीड़भाड़ रहने के बावजूद वाहन चालकों की लापरवाही के कारण हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। लोगों ने यहां यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।







