SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » उमरिया के भरेवा में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, 40 लाख रुपये से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी

उमरिया के भरेवा में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, 40 लाख रुपये से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  उमरिया। जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत ग्राम भरेवा में मंगलवार देर रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही इंदवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम भरेवा निवासी छकौड़ी प्रसाद का इलाज जबलपुर में चल रहा है, जिसके कारण परिवार के सदस्य वहीं मौजूद थे। घर के कच्चे हिस्से में उनकी भाभी सो रही थीं। बताया गया है कि चोरों ने बाहर से कच्चे मकान में ताला लगाकर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया और पक्के मकान के चैनल गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश कर गए।

सभी कमरों को खंगाला

चोरों ने घर के कई कमरों के ताले तोड़ दिए और सामान को बिखेरते हुए तलाशी ली। एक कमरे में बिस्तर के भीतर रखी चंदन की पेटी को उठा ले गए। पीड़ित के पुत्र गोलू मिश्रा ने बताया कि पेटी में परिवार के कई सदस्यों के सोने के कंगन, हार, माला, अंगूठियां, चांदी के आभूषण तथा कुछ नकदी रखी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि चोरी गए सामान की कीमत 40 लाख रुपये से अधिक है।

पुलिस को दी गई सूचना

घटना की सूचना मिलते ही थाना इंदवार के टीआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों ने आशंका जताई है कि चोर आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो सकते हैं।

उन्होंने भरेवा, टिकुरी, अमरपुर, नदबान और दमोय सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है तथा चोरी की वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है।

 

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us