श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में पिकअप चालक से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरा आरोपित अभी फरार है। पुलिस के अनुसार बीते दिन मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने खैरहा थाना क्षेत्र में पिकअप चालक को रास्ते में रोक लिया।
चाकू की नोक पर उन्होंने चालक से 2,800 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित दो विशेष टीमों ने कार्रवाई करते हुए लखवारिया के पास से आरोपित नवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल दूसरे आरोपित की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कार्रवाई में खैरहा थाना प्रभारी उप निरीक्षक उमाशंकर चतुर्वेदी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।







