श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः नगर पालिका परिषद द्वारा मंगलवार को नमस्ते दिवस के अवसर पर भारत सरकार के अभियान के तहत नगर पालिका सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर की सफाई व्यवस्था से जुड़े 31 स्वच्छता मित्रों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया और उन्हें सुरक्षा किट वितरित की गई। किट का वितरण नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत सिंह ठाकुर, पार्षद सुगंधिता सराफ एवं अन्य पार्षदगण के कर-कमलों द्वारा किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके समर्पण से ही शहडोल स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बना हुआ है। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक गरिमा सुनिश्चित करना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि नमस्ते अभियान का उद्देश्य स्वच्छता मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण देना, यांत्रिक सफाई को बढ़ावा देना और मैनुअल स्कैवेंजिंग का पूर्ण उन्मूलन करना है।
उन्होंने सभी कर्मियों से पीपीटी किट का नियमित उपयोग और सुरक्षा मानकों का पालन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों को पीपीटी के उपयोग, स्वास्थ्य सुरक्षा, आपातकालीन उपायों और कार्यस्थल पर सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रभात पांडे, संजीव प्रताप सिंह, संजू पटेल, विनय केवट, मोतीलाल सिंह, अनिल महोबिया, पुनीत त्रिपाठी, सत्यकाम मिश्रा सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहडोल के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।







