श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सिवनी। जिले के उगली थाना अंतर्गत मोहबर्रा गांव में खेत के पास बने एक सूने मकान में जली हुई अवस्था में दो शव मिले है, जो यहां निवासरत शिक्षक दंपती होने की संभावना है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
फारेसिंक टीम डीएनए सैम्पल से पुष्टि करने में जुटी
शव पूरी तरह जल चुके है इसलिए जिला पुलिस और जबलपुर फारेसिंक टीम डीएनए सैम्पल से मृतकों की पुष्टि करने में जुट गई हैं।
मौजूद साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी रही
देर रात पहुंची टीमें शनिवार को भी मृतकों के घर में मौजूद साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी रही। साथ ही दोनों शवों का पोस्ट मार्टम कराया जा रहा है।
दो दिन पुरानी होने का अनुमान
प्रारंभिक रूप से घर में जली हुई हालत में मिले शव शिक्षक समन धुर्वे (52) और उसकी पत्नी शिक्षिका मालती धुर्वे (50) होने का अनुमान है। मौके की परिस्थितियों को देखकर घटना एक से दो दिन पुरानी होने का अनुमान है।
बहन जब हालचाल जानने इस सुनसान घर में पहुंचीं, तो घर के अंदर जली हुई अवस्था में दोनों शव देखकर उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी है।
जान बचाने के लिए हुए संघर्ष की ओर इशारा कर रहे
वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने जबलपुर से एफएसएल टीम को बुलाया गया है। घर के फर्श पर घसीटने के निशान और एक पर्स सहित अन्य जगहों पर खून के धब्बे मिले हैं, जो जान बचाने के लिए हुए संघर्ष की ओर इशारा कर रहे हैं। मौके से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
डीएनए टेस्ट की प्रक्रिया अपनाई जाएगी
जब पुलिस पहुंची तब तक आग पूरी तरह बुझ चुकी थी, लेकिन शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त करना मुश्किल है। आधिकारिक पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पति का स्वभाव बेहद गुस्सैल, आक्रामक व असामान्य था
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पति का स्वभाव बेहद गुस्सैल, आक्रामक और कुछ हद तक असामान्य था। यह दंपती समाज से पूरी तरह कटकर रहता था, घर में किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित था।
दूधवाला भी बाहर ही बोतल छोड़कर जाता था
डेढ़ साल पहले भी पति ने केवलारी थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी पर हंसिया (दरांती) से जानलेवा हमला किया था, जिसमें पत्नी को गंभीर चोटें आई थीं और टांके लगे थे।
प्रथम दृष्टया पुलिस को अंदेशा है कि आपसी विवाद के चलते पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा दंपती की हत्या का अंदेशा प्रारंभिक जांच में सामने नहीं आया है।
बेटे सहित परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दे दी
पुलिस ने दंपती के दोनों बच्चों (नवोदय विद्यालय कान्हीवाड़ा में अध्ययनरत छोटे बेटे तथा इंदौर में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे बड़े बेटे सहित परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दे दी है।
पुलिस फारेंसिक टीम और पोस्ट मार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस फारेंसिक टीम और पोस्ट मार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, इसके बाद ही मृतकों की पहचान और मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।







