खैरहा थाना क्षेत्र में देर रात लूट की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। सीमेंट की खेप खाली कर लौट रहे एक पिकअप चालक को बाइक सवार दो बदमाशों ने सुनसान सड़क पर रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर चालक से नकदी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घटना लखवारिया रोड पुलिया के आगे की है। पिकअप चालक सुनील केवट सीमेंट की खेप अनलोड कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी गाड़ी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि दोनों ने चाकू दिखाकर चालक को धमकाया और उसकी जेब से 2,800 रुपये नकद के साथ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
घटना के बाद सुनील केवट सीधे खैरहा थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ लूट समेत अन्य संबंधित धाराओं में नामजद मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
खैरहा थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जबकि मामले की जांच और तलाश लगातार जारी है।







