श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर : रसमोहनीः जनपद पंचायत बुढार के साखी संकुल अंतर्गत संचालित प्राथमिक विद्यालय एवं माध्यमिक विद्यालय बिरौडी में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दोनों विद्यालयों में नियमित शिक्षक नहीं होने से पूरे विद्यालय की जिम्मेदारी एक ही शिक्षक के भरोसे चल रही है। पिछले शैक्षणिक सत्र में विद्यालय अतिथि शिक्षकों के सहारे संचालित हो रहा था, लेकिन वर्तमान सत्र शुरू होने के बाद भी अब तक अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति नहीं-हो सकी है।
इससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। यहां पर जिस शिक्षक को पदस्थ किया गया है उसे बिरौडी विद्यालय के साथ. साथ प्राथमिक विद्यालय कदमटोला का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। ऐसे में एक ही शिक्षक के लिए दोनों विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया है। बिरौडी के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में कुल 135 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से कई कक्षाओं को एक साथ संचालित करना पड़ रहा है, जिससे बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि विद्यालय में शीघ्र नियमित अथवा अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके और उनका भविष्य प्रभावित न हो।







