SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, ग्रामीणों ने आग लगाई

ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, ग्रामीणों ने आग लगाई

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के गोहपारू थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार शंकर प्रताप साहू (35) को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर में आग लगा दी। स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पाथेरा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मारी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई और चालक फरार हो गया।

गुस्साई भीड़ ने पलटे हुए ट्रैक्टर में आग लगाई

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत का उत्खनन और परिवहन जारी है, लेकिन संबंधित विभाग कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

नाराजगी में भीड़ ने पलटे हुए ट्रैक्टर में आग लगा दी। हंगामे के कारण पुलिस को शव कब्जे में लेने में मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर में धौनहा नदी से अवैध रूप से रेत भरकर ले जाई जा रही थी।

थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है और दो घायल हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि अवैध रेत परिवहन, हादसे की परिस्थितियों और आगजनी सहित पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us