श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अमरकंटकः पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल कपिलधारा जलप्रपात में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता का विषय सामने आया है। जानकारी के अनुसार कपिलधारा क्षेत्र में लगाएं गए सुरक्षा कांच (ग्लास बैरियर) का एक हिस्सा टूट गया है, जिससे किसी भी समय, बड़ी दुर्घटना होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार टूटे हुए कांच के कारण पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। कपिलधारा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा अवरोधक के क्षतिग्रस्त होने से किसी भी प्रकार की अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेते हुए टूटे हुए कांच को हटा कर नई एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे। लोगों ने यह भी मांग की है कि कपिलधारा सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की जाए, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अमरकंटक प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों में शामिल है, जहां वर्षभर हजारों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा संबंधी छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है। नागरिकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि समय रहते आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।







