श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मऊ गांव के पास सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शव सड़क से लगभग 20 फीट नीचे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में दुर्गंध आने पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और शव की स्थिति को देखते हुए सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम के मौके पर पहुंचने का इंतजार है। टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।







