श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। जैतपुर में रिटायर्ड शिक्षक के घर 75 लाख की चोरी का खुलासा अभी नहीं हुआ, वहीं सोहागपुर थाना क्षेत्र की न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी में चोरों ने एक और सूने मकान को निशाना बना दिया।
पुलिस के अनुसार अजय द्विवेदी परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी से करीब ढाई लाख रुपये नकद और चांदी के जेवरात पार कर दिए। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
परिवार के लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। सूचना पर सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरियों से शहर में दहशत का माहौल है।







