श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुंडी जमुनिया में जमीन के विवाद को लेकर एक खूनी झड़प की घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति और उसकी पत्नी पर उनके बहनोई, बहन और भांजा ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जमीन को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया
पीड़ित सुरेंद्र चौधरी (37) और उनकी पत्नी वंदना चौधरी (30) निवासी डुंडी जमुनिया के खिलाफ उनके बहनोई संतोष चौधरी, बहन संतरा चौधरी और उनके पुत्र नितेश चौधरी ने जमीन को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान बहनोई संतोष, बहन संतरा और उनके बेटे नितेश ने कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।
नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया
इस हमले में सुरेंद्र और वंदना चौधरी के सिर और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
घटना के बाद पीड़ित दंपती ने सिहोरा थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।







