श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। जिला प्रशासन के सामने आयोजित राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के आगाज कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रस्तुत किए गए एक डांस कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
प्रतियोगिता जैसे खेल आयोजन में फिल्मी गाने “नीचे पान की दुकान, ऊपर गोरी का मकान” पर हुए डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ऐसे कार्यक्रम की अनुमति किस आधार पर दी गई
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और अधिकारी मौजूद थे, ऐसे में मंच पर हुई प्रस्तुति को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। कई सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने आयोजन समिति से जवाब मांगा है कि खेल प्रतियोगिता के बीच इस तरह के मनोरंजन कार्यक्रम की अनुमति किस आधार पर दी गई।
आयोजन की गरिमा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज
वहीं मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना के बाद आयोजन की गरिमा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
उज्जैन और भोपाल के मैच से हुआ सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ
खेल जीवन में अनुशासन लाता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जीवन में सफलता और असफलता की भावना से ऊपर उठकर लगातार प्रयास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उक्ताशय के विचार कलेक्टर राखी सहाय ने व्यक्त किए। वे राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट के शुभारंभ के अवसर पर बोल रही थीं। उन्होंने फुटबाल को किक देकर कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया।
यह आयोजन 15 से 18 जून तक चलेगा
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल ने भी प्रदेश भर से आए खिलाडि़यों को संदेश दिया और सफलता के लिए पुरजोर प्रयास करने को कहा। यह आयोजन 15 से 18 जून तक चलेगा। टूर्नामेट का पहला मैच भोपाल और उज्जैन के बीच खेला गया। टूर्नामेंट में कुल दस टीमें हिस्सा ले रहीं हैं जिसमें जबलपुर, भोपल, इंदौर सागर, उज्जैन, मध्यप्रदेश, शहडोल, जनजातीय कार्यविभाग और नर्मदापुरम की टीम शामिल हैं।
नहीं आए विधायक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर कार्ड में विधायक बांधवगढ़ शिवनारायण सिंह का नाम था लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं आए। हालांकि वे उमरिया में ही थे इसके बाद भी उन्होंने न जाने क्यों कार्यक्रम से दूरी बनाकर रखी। इस दौरान मंच पर जिला भाजपा नेता धनुषधारी सिंह, एडीएम पीके सेन गुप्ता, जिला पंचायत के सीईओ अभय सिंह ओहरिया, जिला शिक्षा अधिकारी आरएस मरावी, कीर्ति सोनी सहित कई लोग मौजूद रहे।
अव्यवस्थाएं आई सामने
सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट के शुभारंभ से पहले ही आयोजन स्थल स्टेडियम में अव्यवस्थाएं सामने आई। खिलाड़ियों और बच्चों के लिए आयोजित इस बड़े खेल आयोजन में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्टेडियम परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिखी।
दर्शकों के बैठने की जगह पर भी सफाई का अभाव
कई स्थानों पर गंदगी नजर आई, वहीं खिलाड़ियों और दर्शकों के बैठने की जगह पर भी सफाई का अभाव दिखाई दिया। यह जानकारी भी सामने आई है कि दिसम्बर में हुए राष्ट्रीय शालेय फुटबाल प्रतियोगिता के दौरान मनमानी की वजह से ठेकेदारों का भुगतान नहीं होने से बाजार के लोग काम करने से भी हिचक रहे हैं।
नहीं रही सफाई
आयोजन में शामिल होने पहुंचे बच्चों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। मैदान के आसपास और सीढ़ियों पर सफाई नहीं होने से अव्यवस्था का माहौल बना रहा। वहीं बाथरूम की स्थिति भी खराब बताई गई। पीने के पानी की व्यवस्था के स्थान पर भी पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की शिकायत सामने आई। बताया गया कि आयोजन को लेकर गाइडलाइन के अनुसार कार्यक्रम शाम 5 बजे तक शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन शाम 6 बजे तक न तो कार्यक्रम का शुभारंभ हो सका और न ही जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे। इससे खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को इंतजार करना पड़ा।
फैले हुए टूटे तारों से खतरा
स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। परिसर में कटे और टूटे तारों से वायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेडियम में छोटे-छोटे बच्चे घूमते रहते हैं, ऐसे में खुली या खराब वायरिंग कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
स्टेडियम के अंदर ही पार्किंग की व्यवस्था।
पार्किंग से खिलाड़ियों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खेल आयोजन के दौरान भीड़ बढ़ने पर यह व्यवस्था परेशानी का कारण बन सकती है। लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार विभाग आयोजन शुरू होने से पहले स्टेडियम की साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त करे, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके और आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो।







