श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर चौकी के ग्राम अमरपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भदार नदी में मछली पकड़ने गए एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद साथ गए युवक घबरा गए और मामले की जानकारी किसी को नहीं दी। वहीं घटना का खुलासा होने के बाद एक साथी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
रमाकांत की गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही मौत
अमरपुर निवासी रमाकांत कचेर (25), पिता गुलाब कचेर, अपने कुछ साथियों के साथ भदार नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान नदी में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से रमाकांत गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई
जब रमाकांत तीन दिनों तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर अमरपुर चौकी पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
बेशरम की झाड़ियों से शव बरामद किया
पुलिस पूछताछ में साथियों ने पूरी घटना की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने भदार नदी के आसपास बेशरम की झाड़ियों से रमाकांत का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना से घबराए साथी ने उठाया आत्मघाती कदम
घटना का खुलासा होने के बाद रमाकांत के साथ गए संदीप उर्फ बूंदे ढीमर (28), पिता हरछड़ ढीमर, निवासी अमरपुर ने अपने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं घटना के बाद कुछ अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस कर रही जांच
अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रमाकांत की मौत करंट लगने से होना प्रतीत हो रही है। मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
नदी में करंट कैसे पहुंचा और मछली पकड़ने के लिए किस प्रकार व्यवस्था की गई थी, इसकी जांच की जा रही है। फरार साथियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है
अमरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. शिव प्रजापति ने बताया कि रमाकांत कचेर और संदीप उर्फ बूंदे ढीमर दोनों का पोस्टमार्टम किया गया है। रमाकांत के शरीर पर प्रथम दृष्टया करंट लगने जैसे निशान मिले हैं, जबकि संदीप की मौत फांसी लगाने से हुई है। विस्तृत पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।







