श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- नरसिंहपुरः चिनकी बांध परियोजना के कैंप में रह रहे एक 18 वर्षीय युवक की सर्पदंश के कारण दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक परियोजना में वाहनों की रिपेयरिंग का काम करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के बाणसागर का निवासी सागर (18 वर्ष), पिता शिव महूरत कोल, चिनकी बांध परियोजना में काव्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधीन वाहनों की रिपेयरिंग का कार्य करता था। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे, जब सागर अपने कमरे में साथियों के साथ सो रहा था, तभी एक जहरीले सर्प ने उसके बाएं हाथ की भुजा पर काट लिया। साथियों को जैसे ही घटना का पता चला, वे तुरंत सागर को लेकर शासकीय जिला अस्पताल पहुंचे।
करीब 20-25 मिनट चले उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की दुखद सूचना मिलते ही मृतक के परिजन शहडोल से नरसिंहपुर के लिए रवाना हुए। दोपहर बाद जब परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, तो वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।







