श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए आखिरकार प्रशासन को खुद सड़क पर उतरना पड़ा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद ब्यौहारी क्षेत्र में आईएएस अधिकारी एसडीएम काजोल सिंह ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरे तीन वाहनों को जब्त कर लिया, जबकि एक वाहन चालक प्रशासनिक टीम को देखकर बीच सड़क पर ही रेत खाली कर वाहन लेकर फरार हो गया।
यह कार्यवाही ब्यौहारी टोल नाके के पास से की गई है। खास बात तो यह रही की जब्त वाहनों से नंबर प्लेट गायब थी। जानकारी के अनुसार एसडीएम द्वारा की गई जांच के दौरान पकड़े गए तीनों वाहनों में रेत लोड पाई गई। वाहन चालकों से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक अनुमति या ‘दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहनों को जब्त कर तहसील एवं थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया।
बताया जा रहा है कि आसपास की नदियों से अवैध रूप से रेत निकालकर उसे रीवा और उत्तर प्रदेश की ओर भेजा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक वाहन चालक ने जब सड़क पर प्रशासनिक टीम को देखा तो उसने रेत सड़क पर ही अनलोड कर दी और वाहन लेकर मौके से भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जब्त वाहनों के मालिकों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं लोगों ने कहा जैतपुर में तो कई अवैध खदाने संचालित हो रही है। जहां से दिन दहाड़े रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार बुधवार रात जैतपुर नगर में मस्जिद के पास अवैध रेत लेने जा रहे एक वाहन ने बिजली के पोल को तोड़ दिया जिसके बाद मौके पर लोगों ने चालक की पिटाई की थी।







