श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की जबलपुर इकाई ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शहडोल क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ एक सहायक प्रबंधक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर बैंकिंग कियोस्क संचालन की अनुमति दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने बैंक कार्यालय और आरोपी के आवास पर भी जांच की।
बैंकिंग कियोस्क संचालन की अनुमति देने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत मांगना एक बैंक अधिकारी को महंगा पड़ गया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जबलपुर इकाई ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय शहडोल में पदस्थ सहायक प्रबंधक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद बैंक कार्यालय सहित आरोपी के निवास पर भी देर रात तक जांच चलती रही।
जानकारी के अनुसार शहडोल निवासी दीपेंद्र सिंह ने क्षेत्र में चार बैंकिंग कियोस्क संचालित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आरोप है कि आवेदन को मंजूरी दिलाने और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कराने के बदले संबंधित अधिकारी ने उनसे 10 हजार रुपये की मांग की। कई बार संपर्क के बावजूद काम नहीं होने और लगातार पैसे मांगे जाने से परेशान होकर आवेदक ने मामले की शिकायत सीबीआई से की।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच और तथ्य सत्यापन की कार्रवाई की। शिकायत सही पाए जाने पर एक विशेष टीम गठित कर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को आवेदक को रकम लेकर बैंक के पास स्थित गुरुद्वारे के नजदीक बुलाया गया। जैसे ही अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि अपने कब्जे में ली, पहले से निगरानी कर रही सीबीआई टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और तलाशी ली गई। जांच एजेंसी ने दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई की टीम ने उसके शहडोल स्थित घरौला मोहल्ला आवास पर भी जांच के कर रही है।







