श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अमरकंटकः नर्मदा पुष्कर बांध में गुरूवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया। स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबे युवक सुरेश धुर्वे का शव लगभग 18 घंटे की कठिन मशक्कत के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को प्रात आठ बजे बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद बांध तट पर स्वजनों और स्थानीय लोगों के बीच गमगीन माहौल बना रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश स्नान करने के दौरान अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक, पुलिस एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। देर शाम तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। जिला मुख्यालय से पुलिस एसडीआरएफ की टीम मृतक का शव निकालने के लिए खोजबीन करते रहे। तेज आए आंधी तूफान अति वर्षा के चलते अभियान को रोकना पड़ा। दूसरे दिन सुबह फिर प्रारंभ किया गया।
इसके बाद एसडीआरएफ की टीम द्वारा मृतक का शव बाहर निकाला। टीम के साथ वार्ड क्रमांक आठ कपिला संगम का साहसी युवक कृष्णा राठौर भी साथ रहकर सहयोग किया। लंबे समय तक चले प्रयासों के बाद युवक ने सुरेश के शव को बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। पुलिस थाना अमरकंटक द्वारा मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नर्मदा पुष्कर बांध जैसे गहरे जल क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
लोगों का कहना है कि पुष्कर बांध तट से लगातार लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है। इससे पूर्व भी यहां दुर्घटना हो चुकी है। स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा की दृष्टि से उक्त स्थल पर मजबूत दीवार एवं चेतावनी संकेतक लगाए जाने की आवश्यकता बताई है।







