SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » वाटर प्लांट में नहाने गया किशोर डूबा, तैरता मिला शव; प्रतिबंधित क्षेत्र में दोस्तों संग नहाने पहुंचा था

वाटर प्लांट में नहाने गया किशोर डूबा, तैरता मिला शव; प्रतिबंधित क्षेत्र में दोस्तों संग नहाने पहुंचा था

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र स्थित सोन टोला वाटर प्लांट में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। गुरुवार दोपहर हुई घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने शुक्रवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला।
गोहपारू थाना क्षेत्र स्थित सोन टोला वाटर प्लांट में नहाने गया एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। गुरुवार दोपहर हुई इस घटना के बाद देर रात तक उसकी तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ टीम के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन में किशोर का शव पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पानी में कूदते ही गहराई में समाया

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अंशु ढीमर पिता रामनाथ ढीमर (15) निवासी सोन टोला के रूप में हुई है। बताया गया कि अंशु अपने दोस्तों के साथ सोन नदी स्थित जल निगम के वाटर प्लांट में नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह ऊपर से पानी में कूदा, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने पहले उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।

रात में रुका रेस्क्यू, सुबह मिला शव

सूचना मिलने पर गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रात अधिक होने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला। शव मिलने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।

पुलिस ने लोगों से की अपील                                                                                                                                                  थाना प्रभारी गोहपारू राजकुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि यह क्षेत्र आम लोगों के लिए प्रतिबंधित है और यहां जल निगम की ओर से चौकीदार भी तैनात किया गया है। बावजूद इसके बड़ी संख्या में लोग यहां नहाने पहुंच जाते हैं। पुलिस ने बताया कि समय-समय पर गश्त भी की जाती है, लेकिन लोग पुलिस के जाते ही फिर पानी में उतर जाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित और गहरे जल क्षेत्र में जाने से बचें, क्योंकि यहां जान का खतरा बना रहता है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us