श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में घर में अकेली रह रही पुष्पा शर्मा (75) की हत्या कर शव को घर के आंगन में बने कुएं में फेंक दिया गया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब स्वजन घर पहुंचे और अंदर खून के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी।
बेटे के साथ रहती थी महिला
महिला बड़ा पत्थर हनुमान नगर के अन्ना बाबा के पीछे स्थित आवास में अपने बेटे विजय शर्मा उर्फ राजू के साथ रहती थी। राजू एक सप्ताह पहले सिवनी गया हुआ था। इसी दौरान बुधवार-गुरुवार की रात्रि वारदात हुई। प्रारंभिक जांच में पुलिस चोरी के इरादे से हत्या की आशंका जता रही है।
कमरे से कुएं तक थे घसीटने के चिन्ह
महिला के घर के पीछे रहने वाले भाई सुनील शर्मा ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 8 बजे पुष्पा अपने घर सोने चली गई थीं। अगले दिन सुबह काम करने वाली नौकरानी पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने आवाज लगाई और फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
शाम तक दरवाजा नहीं खुला तो नौकरानी ने सूचना दी
नौकरानी ने सूचना दी। तब वह अपने परिचितों के साथ बहन पुष्पा के घर पहुंचे और बाउंड्री पार कर अंदर गए। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। कमरे में खून फैला था और घसीटने के निशान कुएं तक जा रहे थे। कुएं में देखने पर पुष्पा शर्मा का शव पानी में उतराता मिला।
एफएसएल टीम पहुंची, शव का पीएम कराया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर रांझी नगर पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार साहू, थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी सहित डाग स्क्वाड और एफएसएल व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को शव स्वजन को सौंपा गया। मामले में अज्ञात आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। आरोपित की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
गघरी से सिर पर किया प्रहार, मिले खून के निशान
पुलिस को घटनास्थल पर एक गघरी मिली है, जिस पर खून के निशान पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि आरोपित ने इसी से वृद्धा के सिर पर हमला किया। कुएं के पास खून के धब्बे और शव को घसीटे जाने के निशान घर के अंदर तक बने हुए थे।
मुख्य गेट के पास गाउन, चादर और चप्पल मिली
मुख्य गेट के पास महिला का गाउन, चादर और चप्पल पड़ी मिलीं। अंदर कमरे की फर्श और दीवारों पर भी खून के छींटे पाए गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।







