श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- विदिशा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र क्रांति चौक पर एक घर में 42 वर्षीय युवक का शव मिला। शव करीब पांच दिन पुराना हो गया था। घर में मृतक युवक की मां शव के साथ ही सामान्य जीवन जी रही थी। सुबह दूधवाले को जब घर में बदबू आई और कमरे में खून बहता देखा तब इस घटना का पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का मेडिकल कालेज में फारेंसिक टीम से पीएम करवाया है।
मां बाइबल पढ़कर जिंदा करने की कर रही थी कोशिश
मृतक का नाम शीनू वर्गिस है, वह मुंबई में फैशन डिजाइनिंग का काम करता था, पिछले एक साल से विदिशा में अपनी मां के साथ ही रह रहा था। मृतक की मां मरियमा वर्गिस निजी स्कूल से रिटायर शिक्षक हैं, उन्हें मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।
बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
पिता का निधन पिछले वर्ष हुआ तब से शीनू भी मुंबई से विदिशा आकर मां के साथ रहने लगा था, बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था घर में आर्थिक हालत भी ठीक नहीं थी। घटना की सूचना के बाद जब पुलिस घर पहुंची तो मां मरियमा ने पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया, उन्होंने दो बार दरवाजे लगाने की भी कोशिश की।
शव सड़ने से आ रही थी तेज बदबू
पुलिस घर में पहुंची तो शव बेड पर पड़ा था, डिकंपोज होना शुरू हो गया था, बदबू इतनी तेज थी कि अंदर जाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जांच शुरू कर दी गई है।







